Lifestlye Desk :- गणपति बप्पा को मोदक और मिठाइयों का भोग लगाने की परंपरा है। अगर इस बार आप बप्पा के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो गुलाब की बर्फी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। गुलाब की खुशबू और मिठास वाली यह बर्फी देखने में भी काफी आकर्षक लगती है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती।तो आइए जानते हैं घर पर गुलाब की बर्फी बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है।

सामग्री

मावा/खोया – 250 ग्राम
पिसी हुई चीनी – 100 ग्राम
गुलाब की पंखुड़ियां – 2 बड़े चम्मच
गुलाब का अर्क या रोज वॉटर – 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
दूध – 2 बड़े चम्मच
घी – 1 छोटा चम्मच
कटे हुए पिस्ता – 1 बड़ा चम्मच
कटे हुए बादाम – 1 बड़ा चम्मच
सूखी गुलाब की पंखुड़ियां – सजाने के लिए

विधि

1-सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें एक छोटा चम्मच घी डालें। अब इसमें मावा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।
2-मावा को बहुत ज्यादा ब्राउन नहीं करना है। जब उसका कच्चापन दूर हो जाए और वह हल्का नरम होकर खुशबू देने लगे, तब गैस धीमी कर दें।
3-मावा को तेज आंच पर भूनने से उसके नीचे चिपकने या जलने का खतरा रहता है, इसलिए इस दौरान लगातार चलाते रहें।
4-अब मावा में दूध डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गुलाब की पंखुड़ियां और रोज वॉटर डालें। अगर आपके पास गुलाब का अर्क है तो उसकी थोड़ी मात्रा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
5-ध्यान रखें कि गुलाब जल बहुत ज्यादा न डालें, वरना बर्फी का स्वाद तेज हो सकता है।
अब इलायची पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
6-अब गैस को धीमी रखें और इसमें पिसी हुई चीनी डालें। चीनी डालने के बाद मिश्रण थोड़ी देर के लिए ढीला हो सकता है। इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने न लगे।
7-जब मिश्रण एक जगह इकट्ठा होने लगे और उसकी कंसिस्टेंसी बर्फी जमाने लायक हो जाए, तब गैस बंद कर दें।
8-एक प्लेट या ट्रे में हल्का घी लगाकर चिकना कर लें। अब तैयार मिश्रण को इसमें डालकर चम्मच या स्पैटुला की मदद से समान रूप से फैला दें।
9-ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालें। हल्के हाथ से दबा दें ताकि ड्राई फ्रूट्स बर्फी पर अच्छी तरह चिपक जाएं।
10-अब इसे कमरे के तापमान पर कुछ देर ठंडा होने दें। इसके बाद करीब 30-60 मिनट के लिए फ्रिज में रख सकते हैं। सेट होने के बाद चाकू से मनचाहे आकार में टुकड़े काट लें।

बर्फी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

गुलाब की बर्फी का स्वाद अच्छा बनाने के लिए गुलाब जल या गुलाब अर्क की मात्रा ज्यादा न रखें। मावा को तेज आंच पर न भूनें और चीनी डालने के बाद मिश्रण को लगातार चलाते रहें।अगर मिश्रण बहुत ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा दूध मिलाया जा सकता है। वहीं अगर मिश्रण बहुत नरम हो जाए तो इसे धीमी आंच पर कुछ देर और पकाएं।
इस तरह घर पर आसानी से गुलाब की खुशबू और स्वाद वाली बर्फी तैयार की जा सकती है। इसे गणपति बप्पा को भोग लगाने के साथ प्रसाद के रूप में भी परोसा जा सकता है। सजावट के लिए गुलाब की सूखी पंखुड़ियां और पिस्ता इस्तेमाल करने से बर्फी देखने में भी खूबसूरत लगेगी।