बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने से जुड़े वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले पूर्व एयरफोर्स अधिकारी केएम तौसीफ सौरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। 28 वर्षीय फ्लाइट लेफ्टिनेंट सौरी का शव गुरुवार को ढाका की तुराग नदी में मिला। वह 27 अक्टूबर से लापता थे। उनकी मौत के बाद परिवार ने हत्या और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
तुराग नदी में मिला शव, आईफोन से हुई पहचान
बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार के मुताबिक, सौरी का शव राजाबाड़ी घाट के पास बरामद हुआ। उन्होंने सफेद पैंट और काली शर्ट पहनी हुई थी। शुरुआत में पुलिस शव की पहचान नहीं कर सकी, लेकिन जेब से मिले आईफोन की मदद से उनकी पहचान हुई। शव के पास एक कलाई घड़ी भी मिली।
इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ढाका के शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि उनकी मौत डूबने, आत्महत्या या हत्या के कारण हुई।
‘हसीना का वीडियो शेयर करना क्या उनका कसूर था?’
सौरी की मौत के बाद उनकी चचेरी बहन मोशफेका जहां ने फेसबुक पोस्ट के जरिए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना के देश छोड़ने से जुड़े वीडियो के विवाद के कारण सौरी को लगातार परेशान किया जा रहा था।
परिवार का दावा है कि एयरफोर्स से हटाए जाने के बाद भी उन्हें मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उनकी चचेरी बहन ने यह भी आरोप लगाया कि संदिग्ध लोग उनका पीछा कर रहे थे और मौत से पहले उन्हें घर से बाहर बुलाया गया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एयरफोर्स से क्यों हटाए गए थे केएम तौसीफ सौरी?
बांग्लादेशी वेबसाइट जागो न्यूज के अनुसार, सैन्य जनसंपर्क निदेशालय ने 4 अगस्त 2025 को सौरी की सेवा से विदाई के संबंध में बयान जारी किया था। इसमें कहा गया था कि उन्हें नियमों के तहत रिटायर किया गया और उन पर कोई आरोप नहीं था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

