राकेश कथूरिया, कैथल। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम विंडो, एसएमजीटी और समाधान शिविर के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाएं

डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रही थीं। बैठक से पहले चंडीगढ़ से प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ शिकायतों की समीक्षा की।

अपराजिता ने अधिकारियों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। उन्होंने खास तौर पर दोबारा खुलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

एक्शन टेकन रिपोर्ट में तथ्य स्पष्ट हों

डीसी ने कहा कि शिकायतों के निपटारे के बाद गुणवत्तापूर्ण और तथ्यात्मक एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) अपलोड की जाए। रिपोर्ट में कार्रवाई से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निपटान में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि किसी शिकायत का केवल औपचारिक निपटारा करने के बजाय उसके वास्तविक समाधान पर ध्यान दिया जाए।

आमजन का प्रशासन पर भरोसा मजबूत करना उद्देश्य

डीसी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। आमजन को सरकारी सेवाएं लेने में आने वाली परेशानियों को दूर करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटान की प्रक्रिया जितनी पारदर्शी और जवाबदेह होगी, लोगों का प्रशासन पर भरोसा उतना ही मजबूत होगा।

सोमवार और गुरुवार को लगते हैं समाधान शिविर

डीसी ने बताया कि जिला और उपमंडल स्तर पर सोमवार और गुरुवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहते हैं।

जिले का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत लिखित रूप में समाधान शिविर में दे सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई कर लोगों को राहत दी जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m