दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) विश्वविद्यालय में जारी छात्र प्रदर्शनों के बीच प्रशासन ने ऑफलाइन कक्षाएं बंद करने का फैसला लिया है। अगले आदेश तक विश्वविद्यालय में कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित होंगी। परिसर में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच झड़प भी हुई है।

जामिया में कश्मीर के नारों को लेकर विवाद

शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ‘आजाद कश्मीर’ के नारे लगाए जाने की खबरों के बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों और उनसे मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने इन आरोपों को खारिज किया। मसूद ने कहा कि प्रदर्शन में ‘आजाद कश्मीर’ की मांग वाला कोई नारा नहीं लगाया गया। उन्होंने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताते हुए ऐसे नारों की निंदा करने की बात भी कही।

छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग पर प्रदर्शन

जामिया के छात्र पिछले कई हफ्तों से जामिया मिलिया इस्लामिया छात्र संघ (JMISU) की बहाली और चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का विरोध प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई को लेकर भी है।

यह आंदोलन 12 अक्टूबर को पांच छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के साथ शुरू हुआ था। विरोध प्रदर्शनों के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन को अपना 106वां स्थापना दिवस समारोह भी रद्द करना पड़ा। फिलहाल, ऑफलाइन कक्षाएं बंद होने से छात्रों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m