“ओह माय गॉड” (Ohh My God) जैसी सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्म का निर्देशन कर चुके निर्देशक अमित राय (Amit Rai) अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने नई कहानी लेकर लौट रहे हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म ‘ओह माय डॉग’ (Ohh My Dog) का ऑफिशियल टीजर रिलीज कर दिया गया है. टीजर सामने आते ही फिल्म ने अपने अनोखे विषय और दमदार स्टारकास्ट की वजह से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. खास बात यह है कि फिल्म में एक्टर पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) के साथ 250 से ज्यादा कुत्ते भी अहम भूमिका में नजर आएंगे, जो इसे बाकी फिल्मों से अलग बनाते हैं.

मेरे पास आओ मेरे दोस्तों गाने से टीजर शुरू
टीजर की शुरुआत हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के मशहूर गीत ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो’ से होती है. यह सदाबहार गीत दर्शकों को पुरानी यादों की दुनिया में ले जाता है और फिल्म के भावनात्मक माहौल को बेहद खूबसूरती से स्थापित करता है. कुछ ही पलों में टीजर यह एहसास करा देता है कि निर्देशक इस बार मनोरंजन के साथ-साथ एक गहरा सामाजिक और भावनात्मक संदेश भी देने वाले हैं.
अनोखे रिश्ते की कहानी
फिल्म ‘ओह माय डॉग’ (Ohh My Dog) की कहानी एक छोटे बच्चे और एक कुत्ते के बीच बनने वाले अनोखे रिश्ते पर आधारित है. फिल्म दिखाती है कि कैसे बिना किसी स्वार्थ के प्यार, विश्वास और दोस्ती इंसान और जानवर के बीच एक मजबूत बंधन बना सकती है. यह सिर्फ एक बच्चे और उसके पालतू साथी की कहानी नहीं, बल्कि हर जीव के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश देने वाली पारिवारिक फिल्म है.
ये है फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म ‘ओह माय डॉग’ (Ohh My Dog) की स्टारकास्ट भी इसकी बड़ी ताकत मानी जा रही है. पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) के अलावा माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ और विजय मिश्रा जैसे अनुभवी कलाकार इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. वहीं फिल्म के दो खास आकर्षण ऑस्कर और ब्रूनो हैं, जिन्होंने अपनी मासूमियत और क्यूटनेस से कहानी में अलग ही रंग भर दिया है.
बता दें कि फिल्म में कुल 250 से अधिक कुत्तों की मौजूदगी इसे तकनीकी और प्रोडक्शन के स्तर पर भी खास बनाती है. अपनी नई फिल्म को लेकर निर्देशक अमित राय (Amit Rai) ने भी उत्साह जाहिर किया है. उनका कहना है कि कुत्ते हमें बिना किसी स्वार्थ के प्रेम करना, वफादारी निभाना और रिश्तों की सच्ची अहमियत समझाते हैं. उन्होंने बताया कि फिल्म बनाने का उद्देश्य ऐसी कहानी दर्शकों तक पहुंचाना था, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके और जो उनके दिलों को छू जाए. उनके मुताबिक, यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि हर जीव के प्रति दया, संवेदना और जिम्मेदारी का संदेश भी देती है.

