भुवनेश्वर: ओडिशा में पिछले कुछ दिनों से जारी पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाहों पर अब विराम लग गया है. राज्य में ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) और उत्कल पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक के बाद सरकार और तेल कंपनियों ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है.

बैठक समाप्त होने के बाद आईओसीएल के सीजीएम (IOCL CGM) कमल सील ने एक बड़ा बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, बल्कि डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। तेल खत्म होने के डर से लोगों ने अचानक जरूरत से ज्यादा तेल खरीदना (Panic Buying) शुरू कर दिया, जिसकी वजह से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और अस्थायी रूप से ऐसी स्थिति देखने को मिली।

कमल सील ने मुख्य रूप से इन बातों की जानकारी दी:

पारादीप रिफाइनरी (Paradeep Refinery) से तेल की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है।

कंपनी की ओर से सभी पेट्रोल

  • पंपों तक तेल की सप्लाई को सामान्य कर दिया गया है और धीरे-धीरे स्थिति सुधर रही है।
  • ग्राहकों को घबराने या अफवाहों में आकर पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनों में खड़े होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
  • यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की कमी की सूचना मिलती है, तो वहां तुरंत टैंकर भेजकर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।

वहीं दूसरी ओर, उत्कल पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के सचिव संजय लाथ ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अचानक तेल की मांग में अत्यधिक वृद्धि होने और सप्लाई चेन में थोड़ी देरी के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से पेट्रोल खत्म हो गया था।
उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए आगामी रविवार को भी तेल डिपो खुले रहेंगे और सभी पेट्रोल पंपों तक ईंधन पहुंचाया जाएगा। संजय लाथ ने उम्मीद जताई है कि रविवार शाम तक पूरे राज्य में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही तेल खरीदें।