आरिफ शेख, श्योपुर। मुरैना में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए डाली गई मिट्टी में चांदी के पुराने सिक्के मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। माता बसैया थाना क्षेत्र के डोंगरपुर लोधा गांव में जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंच गए। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग तक खुरपी, हंसिया और सरिया लेकर मिट्टी खोदते नजर आए। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक 12 से 15 चांदी के सिक्के मिल चुके हैं।

बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले एक युवक को मिट्टी में दबा चांदी का सिक्का मिला था। इसके बाद उसने दोस्तों के साथ उसी जगह खुदाई की, जहां कुछ और सिक्के मिलने का दावा किया गया। धीरे-धीरे यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मंगलवार सुबह निर्माण स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को खुदाई करने से रोका। थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी किसी दूसरी जगह से लाकर यहां डाली गई है। अब सिक्के कितने पुराने हैं, किस काल के हैं और मिट्टी में कहां से आए, इसका पता जांच के बाद चलेगा। प्रशासन ने सिक्के मिलने पर उन्हें जब्त कर पुरातत्व विभाग को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


