लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर निशाना साधा है. उन्होंने सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर तंज कसते हुए इसे ‘ठगबंधन’ बताया. राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस और सपा नेताओं के बीच हालिया बयानबाजी का हवाला दिया. यह बयान ऐसे समय आया है जब अखिलेश यादव ने रायबरेली से अपनी पार्टी की PDA रथयात्रा शुरू की है और सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हैं.
रायबरेली दौरे को लेकर अखिलेश पर तंज
राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव रायबरेली गए तो कांग्रेस की ओर से उनके इटावा जाने की बात कही जा रही है. उन्होंने जसवंतनगर का भी जिक्र किया. राजभर ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य नेताओं की टिप्पणियों को लेकर सपा पर निशाना साधा. हाल में अखिलेश के रायबरेली दौरे के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कन्नौज-इटावा जाने की बात कही थी.
‘अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना दिया’
राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस के नेताओं की ओर से सपा को लेकर लगातार बयान दिए जा रहे हैं. उन्होंने इमरान मसूद और इकरा हसन के बयानों का भी जिक्र किया. राजभर ने कहा कि सपा के प्रवक्ता कांग्रेस नेताओं को ‘लिमिट में रहने’ की बात कह रहे हैं. इन बयानों को आधार बनाकर उन्होंने अखिलेश से सवाल किया कि क्या इसे गठबंधन कहा जा सकता है.
‘कौन बड़ा ठग’ को लेकर राजभर का तंज
सुभासपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में ‘ठगबंधन’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए आरोप लगाया कि गठबंधन में भविष्य की सत्ता और हिस्सेदारी को लेकर खींचतान चल रही है. उन्होंने अखिलेश से सवाल किया कि क्या सपा नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ बोलने की अनुमति उन्होंने दी है या पार्टी के नेता अपने स्तर पर बयान दे रहे हैं. राजभर की यह टिप्पणी विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे और गठबंधन की रणनीति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आई है.
अमेठी का जिक्र कर राहुल गांधी पर निशाना
राजभर ने अखिलेश यादव को रथयात्रा के दौरान अमेठी जाने की सलाह भी दी. उन्होंने अमेठी को राहुल गांधी का क्षेत्र बताते हुए 2019 लोकसभा चुनाव में वहां उनकी हार का जिक्र किया और कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा. वहीं, अखिलेश यादव हाल में रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत कर चुके हैं और उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन जारी रहने की बात कही थी.


