इमरान खान, खंडवा (Omkareshwar). पवित्र सावन माह की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध तीर्थ नगरी ओंरकारेश्वर में बाबा भोलेनाथ के दर्शनों के लिए श्रध्दालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन व्यवस्था से लेकर शहर के यातायात तक में बड़े बदलाव कर दिए हैं।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद फैसला लिया गया है कि आगामी दो-तीन दिनों के भीतर ओंकारेश्वर में नई दर्शन और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह लागू हो गाएगी। आगर आप भी सावन में ओंकारेश्वर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो निकलने से पहले ये नियम जरूर जाने लें!
10 फीट दूर से होंगे ‘बाबा ओंकारेश्वर’ के दर्शन, ऐसा रहेगा नया एंट्री-एग्जिट रूट
सामान्य दर्शनार्थियों से लेकर प्रोटोकॉल दर्शन वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों और एंट्री गेट तय किए गए हैं।
सामान्य श्रद्धालु: सामान्य भक्तों का प्रवेश सुखदेव मुनि द्वार से होगा। यहां से सीढ़ियां चढ़कर मंदिर पहुंचेंगे और गर्भगृह से लगभग 10 फीट की दूरी से भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन के बाद निकासी चांदी गेट से होकर झूला पुल मार्ग की ओर होगी।
शीघ्र दर्शन-VIP/प्रोटोकॉल: शीघ्र दर्शन और प्रोटोकॉल श्रेणी के श्रद्धालुओं के लिए अलग रास्ता रहेगा। वर्तमान एग्जिट गेट को अब ‘प्रोटोकॉल द्वार’ बनाया गया है, जहां से प्रवेश मिलेगा और श्रद्धालु लकड़ी गेट से बाहर निकलेंगे।
पूरे नगर में लागू रहेगा ‘One-Way’ ट्रैफिक, बाहरी गाड़ियां होंगी बैन!
सावन के दौरान ओंकारेश्वर नगर में गाड़ियों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पूरे शहर में वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। बाहरी वाहनों का सीधे शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और सभी वाहनों को शहर के बाहर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करना अनिवार्य होगा।
टिकट काउंटर होगा शिफ्ट
शीघ्र दर्शन और प्रोटोकॉल टिकट काउंटर को अब ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में स्थानांतरित किया जा रहा है जिससे मंदिर के पास भीड़ न जमा हो। कलेक्टर और पुलिस प्रशासन के अनुसार, इन व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


