इमरान खान, Khandwa. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर कथित वसूली का मामला सामने आया है। शीघ्र दर्शन के स्लॉट फुल हो जाने पर राजस्थान से आए श्रद्धालुओं के लिए फर्जी प्रोटोकॉल बनाने वाले मांधाता पुलिस थाना के दो आरक्षकों को एसपी ने लाइन अटैच कर दिया है। इस मामले में शामिल मंदिर के सुरक्षा गार्ड और श्रद्धालुओं की फोटोग्राफी करने वाले एक स्थानीय व्यक्ति को जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है।
11 श्रद्धालुओं से वसूले 13,200 रुपये, ऐसे हुआ फर्जीवाड़ा
ओंकारेश्वर मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर 11 श्रद्धालुओं से 13 हजार 200 रुपए तक वसूली के आरोपों के बाद कार्रवाई की गई है। डिप्टी कलेक्टर और प्रोटोकॉल अधिकारी मुकेश काशीव की जांच रिपोर्ट के आधार पर मांधाता थाने के आरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर और अमन को लाइन अटैच कर दिया गया है।
मामले में मंदिर के सुरक्षा गार्ड सुरेश मोरे और श्रद्धालुओं की फोटो खींचने वाले स्थानीय निवासी सचिन अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिस्टम को और बेहतर करने के प्रयास जारी हैं।
VIRAL VIDEO… बाद में श्रद्धालुओं ने कहा – हमसे कोई रुपए नहीं लिए गए
इधर कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ तब आया जब दोनों आरक्षकों की ओर से श्रद्धालुओं को वीडियो जारी कर अपने पक्ष में बयान देने और शिकायत वापस लेने का कथित प्रयास सामने आया। हालांकि प्रशासन ने जांच जारी रखने की बात कही है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी अन्य जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन, सवाल यही है कि आखिर ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दरबार में आस्था के नाम पर इस तरह का खिलवाड़ कब तक होता रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

