शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण और जैव-विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इस बैठक में बोत्सवाना से 8 नए चीतों के आगमन और असम से जंगली भैंसों को मध्यप्रदेश लाने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 28 फरवरी को बोत्सवाना से 8 चीते मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। ये चीते कूनो नेशनल पार्क (श्योपुर) में बसाए जाएंगे, जहां पहले से चीतों की सफल बसाहट हो चुकी है। चीतों के पुनर्स्थापन के लिए केंद्र सरकार पूरा सहयोग दे रही है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रदेश के प्रयासों की सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही बैठक में असम से जंगली भैंसा लाकर मध्यप्रदेश के जंगलों में बसाने पर गहन चर्चा हुई। श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों की सफलता के बाद अब जंगली भैंसा भी प्रदेश के जंगलों में स्वछंद विचरण करते नजर आएंगे। इससे प्रदेश की जैव-विविधता और वन्यजीव संरक्षण को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मध्यप्रदेश में पर्यटन विकास, रिजर्व फॉरेस्ट के विस्तार और वन्यजीव संरक्षण की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से हम इन योजनाओं को और मजबूत बनाएंगे।”

