प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मीडिया संवाद में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व देशवासियों के लिए विश्वास का प्रतीक बन चुका है और उनकी नीतियों ने जनकल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, उड़ान योजना, आत्मनिर्भर भारत और मेट्रो विस्तार जैसी पहलों ने देश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है। उनके अनुसार, भारत आज केवल वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं, बल्कि नवाचार और समाधान प्रस्तुत करने वाला प्रभावशाली राष्ट्र बनकर उभरा है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि जनधन खाते, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और आवास योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक विकास का लाभ पहुंचा है। महिलाओं, किसानों, युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिए शुरू की गई योजनाओं ने समावेशी विकास को मजबूती दी है।

दिल्ली के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राजधानी में बुनियादी ढांचे, परिवहन, स्वच्छता और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, मेट्रो विस्तार, एक्सप्रेसवे परियोजनाएं और नमो भारत कॉरिडोर जैसी योजनाओं ने दिल्ली के विकास को नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला, स्वनिधि, आयुष्मान भारत, पीएम-उदय और कौशल विकास जैसी योजनाओं से लाखों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्पष्ट नेतृत्व और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से भविष्य में भी विकास की गति बनी रहेगी।Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m