नितिन नामदेव, रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के विरोध के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर केवल छत्तीसगढ़ में ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह विरोध के लिए नए-नए विषय तलाश रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे सिर्फ प्रदर्शन करने के लिए किसी न किसी विषय की जरूरत पड़ती है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को पारदर्शी और आधुनिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वंदे मातरम् पर केंद्र के फैसले का किया स्वागत
वहीं ‘वंदे मातरम्’ को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे नियमों का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् वही गीत है, जिसे गाते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आजादी की लड़ाई में कूद पड़े थे। आजादी की लड़ाई के दौरान असंख्य क्रांतिकारी ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करते हुए हंसते-हंसते फांसी पर झूल गए। यह गीत देशभक्ति और ऊर्जा से भर देने वाला है। सीएम ने कहा कि जब इतना प्रेरणादायी और ऊर्जावान ‘वंदे मातरम्’ है, तो अगर सभी लोग इसे अपनाते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


