सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के माध्यम से तीखा हमला बोला है. राजभर ने सोमवार सुबह एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर चुनावी सक्रियता को लेकर कटाक्ष किया. राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा “सुप्रभात अखिलेश जी, उठो, सुबह हो चुकी है और कितना सोओगे महाराज?” उन्होंने दावा किया कि उन्हें सपना आया है कि विधानसभा चुनाव तक अखिलेश यादव इसी तरह आराम की मुद्रा में रहेंगे.

सुभासपा अध्यक्ष ने आगे आरोप लगाया कि दादरी में हुई रैली के बाद सपा नेतृत्व को अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर होने का एहसास हो गया है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से अखिलेश यादव नई चुनावी रैलियां नहीं कर रहे हैं. राजभर ने यह भी दावा किया कि सपा के “अपने खास लोग” भी मान रहे हैं कि दादरी की रैली के बाद पार्टी नेतृत्व दूसरी बड़ी रैली करने का साहस नहीं जुटा पा रहा है.

इसे भी पढ़ें : 27 के लिए BJP का जीत का मास्टरप्लान तैयार! राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सत्ता वापसी का दिया मंत्र, जानिए कैसे हो रही कमल खिलाने की तैयारी…

अपने संदेश के अंत में उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि केवल सोशल मीडिया और “एसी-पीसी” की राजनीति से चुनाव नहीं जीते जा सकते तथा उन्हें मैदान में उतरना चाहिए. गौरतलब है कि दादरी में अखिलेश यादव ने हाल ही में चुनावी रैली को संबोधित किया था. हालांकि, राजभर ने उस रैली को “फ्लॉप” बताते हुए इसे सपा की कमजोर होती राजनीतिक स्थिति का संकेत बताया है. फिलहाल, अभी इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.