रोहित कश्यप, मुंगेली। जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 200 कट्टी चावल यानी करीब 100 क्विंटल चावल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की नकदी 24 हजार, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुंगेली जिले के पालचुवा, बेलखुरी और कलारजेवरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाया था। आरोपी रात के समय पिकअप वाहन से पहुंचते और दुकानों के ताले तोड़कर चावल-शक्कर चोरी कर ले जाते थे। चोरी के माल को बाद में दूसरे स्थान पर ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी और बिलासपुर में व्यापारियों के माध्यम से बेचा जाता था।

तीन सोसायटियों में चोरी से खुला गिरोह का राज

थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी में शासकीय उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन उपेन्द्र सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5-6 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोर दुकान से 76 कट्टी चावल, करीब 38 क्विंटल, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपये थी, चोरी कर ले गए। इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान से 25 कट्टी चावल, करीब 12.5 क्विंटल, चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज हुई। वहीं सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा में चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर 60 से 70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी कर ली थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, एसडीओपी हरविन्दर सिंह एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने बेसिक पुलिसिंग, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के जरिए आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पुराने चोरी के आरोपियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान ग्राम चिरौटी के पूर्व चोरी के आरोपियों और ग्राम बावली के कुछ युवकों के पिकअप वाहन से क्षेत्र में घूमने की जानकारी पुलिस को मिली।जांच के दौरान खिलेश कौशिक निवासी बावली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पिकअप किराये पर लेकर चोरी की वारदातों को देते थे अंजाम

पुलिस के मुताबिक खिलेश कौशिक ड्रायवरी का काम करता था और ग्राम बावली निवासी महेन्द्र निषाद के पिकअप वाहन क्रमांक CG 28-Q-3669 को किराये पर लेकर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे और पिन्टू उर्फ विजय पात्रे से हुई। आरोपियों ने आसपास के गांवों में स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई। इसके लिए खिलेश को वाहन उपलब्ध कराने के बदले किराये के साथ चोरी के माल में हिस्सा देने का लालच दिया गया।पुलिस के अनुसार 5 अगस्त की रात आरोपी अपने साथियों के साथ सरगांव में एकत्र हुए और पिकअप वाहन से कलारजेवरा पहुंचे। वहां सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर चावल चोरी किया। इसके बाद बेलखुरी पहुंचकर चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया।इसके बाद 6 और 7 अगस्त की रात आरोपियों ने ग्राम पालचुवा की सोसायटी दुकान को निशाना बनाया और वहां से चावल एवं शक्कर चोरी की।

चोरी का माल बिलासपुर में व्यापारियों को बेचते थे

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए चावल और शक्कर को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चोरी का चावल बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र के व्यापारियों के माध्यम से बेचा जाता था।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के माल को बंटी उर्फ रवि पाहूजा और सोनू राणा उर्फ नरेन्द्र के माध्यम से बिक्री किए जाने की जानकारी दी। चावल को नैतिक नागदेव एवं आयुष साहू की दुकान/गोदाम में खाली कराया जाता था। चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त करीब ₹2.50 लाख आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे।

चार आरोपी गिरफ्तार, करीब 10 लाख का माल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल एवं वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. खिलेश कौशिक, पिता स्व. दिनेश, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
  2. राजू श्रीवास, पिता रामकुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
  3. महेन्द्र निषाद, पिता भागवत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
  4. बंटी उर्फ रवि पाहूजा, पिता स्व. परमानंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी जुनापारा, बिलासपुर

सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल, वजन करीब 100 क्विंटल, कीमत लगभग 2.50 लाख, 16 कट्टी शक्कर कीमत 32 हजार, चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 24 हजार नकद, पिकअप वाहन CG 28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, एक सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है।गिरोह से पूछताछ के दौरान मुंगेली के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी सामने आए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बताया कि 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर करीब 45 कट्टी चावल चोरी किया गया था। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी स्थित सोसायटी दुकान से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की बात सामने आई है।इसके अलावा आरोपियों ने लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से 10 बोरी डीएपी खाद चोरी किए जाने की जानकारी दी है। ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। इन मामलों में पुलिस द्वारा आगे जांच की जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर सामने आए अन्य चोरी के मामलों की भी तस्दीक की जा रही है।

पुलिस की नागरिकों से अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें। उन्होंने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m