रांची। श्रावणी मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है। रेलवे ने रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अब 25, 27 और 29 अगस्त को रांची से भागलपुर के लिए रवाना होगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08690 रांची-भागलपुर (वाया राजाबेड़ा) श्रावणी मेला स्पेशल रांची से शाम 5:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, किऊल और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। इससे श्रावणी मेला में जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
26, 28 और 30 अगस्त को भागलपुर से वापसी
वहीं, ट्रेन संख्या 08689 भागलपुर-रांची (वाया राजाबेड़ा) श्रावणी मेला स्पेशल 26, 28 और 30 अगस्त को भागलपुर से रांची के लिए रवाना होगी।यह ट्रेन सुबह 9:10 बजे भागलपुर से खुलेगी और सुल्तानगंज, किऊल, कोडरमा, हजारीबाग रोड, बोकारो स्टील सिटी और मुरी होते हुए रात 10:20 बजे रांची पहुंचेगी।
खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस का परिचालन रहेगा प्रभावित
दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के कारण लिए जाने वाले ब्लॉक की वजह से कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।ट्रेन संख्या 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 26, 28 और 29 अगस्त को आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी। इन तारीखों पर आद्रा-हटिया के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
रेलवे के इस फैसले से जहां श्रावणी मेला जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिलेगी, वहीं विकास कार्य के चलते कुछ यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

