कर्ण मिश्रा, ओरछा (ग्वालियर)। अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी ने एक बार फिर ऐसा बयान दे दिया है जिसने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा पहुंचीं इमरती देवी ने मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया है। उन्होंने राज्य की पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर को मुख्यमंत्री बनाने की प्रार्थना रामराजा सरकार से कर डाली।

‘मैं तो कहती हूं रामराजा मुख्यमंत्री बना दें’, इमरती ने कृष्णा गौर को गले लगाकर कहा

दरअसल ओरछा मंदिर परिसर में जब इमरती देवी और मंत्री कृष्णा गौर का सामना हुआ तो इमरती देवी ने उन्हें गर्मजोशी से गले लगा लिया। इसी दौरान उन्होंने मीडिया और समर्थकों के सामने कहा कि मंत्री जी, बड़े दिनों में मिली हो! मैं तो कहती हूं कि रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दें।

इमरती देवी की यह बात सुनते ही मंत्री कृष्णा गौर कुछ देर के लिए चौंककर रुकीं, फिर हंसते हुए उनके पास आईं, बेहद नजदीक से कुछ कहा और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गईं।

बीजेपी कार्यसमिति के बीच आया बयान, विपक्ष को मिला नया मौका

गौरतलब है कि इमरती देवी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का कट्टर समर्थक माना जाता है और वे अपने बेबाक बयानों से अक्सर मीडिया में छाई रहती हैं। एक तरफ जहां भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें और भावी रणनीतियों पर मंथन चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ सिंधिया खेमे की वरिष्ठ नेत्री द्वारा मुख्यमंत्री पद को लेकर दिया गया यह बयान बीजेपी के अंदरूनी सियासी समीकरणों को गर्मा सकता है। इस घटनाक्रम से विपक्ष को भी सत्तापक्ष पर तंज कसने का बड़ा मुद्दा मिल गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m