आशुतोष द्विवेदी, रीवा। विंध्य क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और प्रमुख धार्मिक स्थल श्री सिद्धेश्वर बालाजी धाम में इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। धाम के वार्षिकोत्सव एवं स्थापना दिवस महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य ‘श्री हनुमंत कथा’ में रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कथा में रसपान कर रहे श्रद्धालु, जयघोष से गुंजायमान हुआ वातावरण
धार्मिक महोत्सव के दौरान पंडाल में बैठे भक्त भगवान श्रीराम और हनुमंत लला की महिमा के सागर में गोते लगा रहे हैं। कथा व्यास द्वारा सुनाए जा रहे धर्म, भक्ति और जीवन संस्कारों से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से सुन रहे हैं। कथा के दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी जयघोष से लगातार गुंजायमान हो रहा है।
12 जून तक चलेगा महोत्सव, 11 को जुटेंगे देश भर के संत
धाम के पीठाधीश्वर श्री कृष्ण शास्त्री एवं कथा आयोजन समिति के मार्गदर्शन में यह धार्मिक अनुष्ठान 6 जून से शुरू हुआ है, जो आगामी 12 जून तक अनवरत जारी रहेगा। दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु इस आयोजन का पुण्य लाभ ले रहे हैं।
आयोजक मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में 11 जून को एक भव्य संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रख्यात संत-महात्मा, तपस्वी और धर्माचार्य शामिल होंगे, जो धर्म, समाज और राष्ट्रहित से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। संत सम्मेलन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं।
प्रतिदिन महायज्ञ, रामलीला और विशाल भंडारा
इस धार्मिक महोत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां प्रतिदिन श्री हनुमान महायज्ञ, मनमोहक श्री रामलीला, सुमधुर भजन-कीर्तन के साथ-साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां हजारों भक्त रोजाना महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

