रायपुर। भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव किया गया. छत्तीसगढ़ से अजय जामवाल और पवन साय को हटा दिया गया. प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संघ के प्रचारक रहे कर्मवीर को दी गई है. राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ का प्रभार शिवप्रकाश को दिया गया.

बता दें कि अजय जामवाल प्रदेश में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे थे. वहीं लंबे समय से पवन साय प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. पवन साय को लेकर संघ, सत्ता और संघठन में कई तरह की शिकायतें और नाराजगी आतंरिक तौर पर रही है. कुछ कार्यकर्ता खुलकर अपनी नाराजगी सोशल मीडिया पर दर्ज कराते रहे हैं.

कर्मवीर का अब तक का सफर

बात करें प्रदेश महामंत्री नियुक्त कर्मवीर मूलतः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला के रहने वाले ने 1993 से संघ के प्रचारक जीवन का प्रारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म स्थली से किया था. तहसील प्रचारक, नगर प्रचारक रहे. इसके साथ उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सिकरी (आगरा) व अलीगढ़ महानगर प्रचारक एवं मथुरा जिला के जिला प्रचारक रहे.

इसके बाद उत्तर प्रदेश के एटा, अलीगढ़ व बरेली विभाग के विभाग प्रचारक रहे. 2015 में मेरठ प्रांत (पश्चिम उत्तर प्रदेश) के सह प्रांत प्रचारक बने. 2019 में ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में कार्य किया. 2020 से भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य किया. अगस्त 2022 से झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य कर रहे थे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m