Gondhal : मुंबई। मराठी फिल्म ‘गोंधल’ अब देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। डायरेक्टर संतोष दावखर की इस फिल्म को 13 नवंबर को बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ मराठी में ही नहीं, बल्कि हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज होगी। ऑस्कर 2027 की रेस में शामिल होने के बाद, फैंस के बीच इस फिल्म को देखने की होड़ मच गई है।
दावखर फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘गोंधल’ की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। फिल्म में लोक परंपराओं, रहस्यमयी अनुष्ठानों और अपराध के बीच उलझे रिश्तों को दिखाया गया है। मेकर्स का मकसद इस कहानी को अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों तक पहुंचाना है।
ऑस्कर में भारत की ऑफिशियल एंट्री बनी फिल्म
‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के रूप में चुना गया है। फिल्म के इस चयन ने इसे देशभर में चर्चा में ला दिया है। अब छह भाषाओं में रिलीज के जरिए इसे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज को लेकर भी होम्बले फिल्म्स की ओर से अनाउंसमेंट किए जाने की बात सामने आई है। इससे फिल्म को भारतीय फैंस के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले दर्शकों तक पहुंचाने की संभावना बढ़ेगी।
परंपरा, रिश्तों और अपराध के बीच उलझी कहानी
फिल्म की कहानी सुमन नाम की युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी शादीशुदा जिंदगी से बाहर निकलना चाहती है। इस दौरान वह अपने प्रेमी सर्जेराव की पारंपरिक लोक-अनुष्ठान में आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेती है। कहानी में आगे चलकर रिश्तों के बीच छिपे तनाव, सत्ता की खींचतान और साजिशें सामने आती हैं।
रात के अंधेरे में होने वाले अनुष्ठान के जरिए फिल्म ग्रामीण समाज की मान्यताओं और उनके पीछे छिपे संघर्षों को दिखाने की कोशिश करती है। लोक संस्कृति और थ्रिलर का यह मेल फिल्म की कहानी को अलग बनाता है।
फिल्म में नजर आएंगे कई जाने-पहचाने कलाकार
‘गोंधल’ में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने संभाली है। वहीं, अमलेंदु चौधरी ने सिनेमैटोग्राफी की है।
13 नवंबर को फिल्म छह भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री चुने जाने और देशभर में रिलीज की तैयारी के बीच अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि ‘गोंधल’ को थिएटर में कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।
Yami Gautam: दिल्ली की लव कुश रामलीला में यामी गौतम करेंगी रावण वध, महिलाओं के सम्मान पर रहेगा थीम
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

