कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के नए पड़ाव ओवरब्रिज (आरओबी) पर उस समय सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जब बीच सड़क पर एक मोटरसाइकिल अचानक धू-धू कर जलने लगी। हैरान करने वाली बात यह रही कि बाइक में यह आग किसी हादसे की वजह से नहीं लगी, बल्कि खुद उसके मालिक ने गुस्से में आकर अपनी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। इस अजीबो-गरीब वाक्ये को देखकर मौके पर मौजूद राहगीर और वाहन चालक दंग रह गए।

एथनॉल वाले पेट्रोल से तंग आया बाइक चालक

मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पुरानी बाइक में एथनॉल मिश्रित पेट्रोल भरवाकर जा रहा था। मिलावटी या एथनॉल युक्त ईंधन के कारण उसकी मोटरसाइकिल रास्ते में बार-बार बंद हो रही थी। युवक ने गाड़ी को स्टार्ट करने की काफी कोशिश की, लेकिन बार-बार आ रही खराबी और तकनीकी दिक्कत से उसका सब्र टूट गया। लगातार परेशान होने के बाद उसका गुस्सा इस कदर फूटा कि उसने अपनी ही बाइक पर पेट्रोल छिड़क कर उसे आग लगा दी।

मचा हड़कंप, जलकर खाक हुई बाइक

व्यस्त ओवरब्रिज पर बीच सड़क बाइक को आग की लपटों में घिरा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक थम गया। राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुँची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर कबाड़ (खाक) में तब्दील हो चुकी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m