परवेज खान, शिवपुरी। इंटरसिटी बस में लगी आग में जिंदा जले 4 साल के मासूम अनय जैन की मौत मामले में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे को लेकर आज शिवपुरी में बस संचालक और परिवहन विभाग के खिलाफ अग्रवाल एवं जैन समाज के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
भीड़ ने किया कलेक्टर की गाड़ी का घेराव
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने कलेक्टर की गाड़ी का घेराव कर दिया और जमकर नारेबाजी की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा तुरंत वाहन से नीचे उतरे। उन्होंने प्रशासनिक प्रोटोकॉल को दरकिनार कर सड़क पर धरना दे रहे मृतक बच्चे के पिता अभिषेक जैन और प्रदर्शनकारियों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी पूरी बात सुनी। कलेक्टर ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए बस संचालक और दोषियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह और भाजपा विधायक देवेंद्र जैन भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया।
यह था मामला
बता दें कि दो दिन पूर्व इंदौर से शिवपुरी आ रही एक इंटरसिटी बस में शाजापुर के मक्सी के पास अचानक आग लग गई थी। इस हादसे में शिवपुरी निवासी अभिषेक जैन का 4 वर्षीय बेटा अनय जैन बस के भीतर ही जिंदा जल गया था। पीड़ित पिता का आरोप है कि बस स्टाफ ने बेहद लापरवाही बरती, जिसके कारण मासूम की जान चली गई। प्रदर्शनकारियों और पीड़ित पिता अभिषेक जैन की मुख्य मांग है कि इंटरसिटी ट्रेवल्स के संचालक सहित पूरे बस स्टाफ पर लापरवाही बरतने के लिए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।
दिल दहलाने वाली घटनाः इंदौर भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों सहित मां की मौत, पिता घायल

