Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार को पटना के ज्ञान भवन में मेगा जॉब फेयर-2026 में जॉब पाने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने ज्ञान भवन के भूतल पर आयोजित मेगा जॉब फेयर में विभिन्न नियोक्ताओं द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। सीएम ने रोजगार के लिए इंटरव्यू देने आए युवक-युवतियों से बातचीत की तथा उनके कैरियर एवं रोजगार से संबंधित जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर-2026 से संबंधित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। कार्यक्रम में उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई मंत्री व अधिकारी मौजूद रहे।

20,226 युवाओं को मिला रोजगार- सीएम सम्राट

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मेगा जॉब फेयर में 115 से अधिक नियोक्ताओं की सहभागिता के माध्यम से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार मिला। इनमें 3,940 युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिला, 36 दिव्यांगजनों को भी रोजगार के अवसर मिले। वहीं, 476 युवा विदेशों में रोजगार के लिये चयनित किये गए हैं। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार मिलने से उनके जीवन में बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि पहले बिहार में प्रदेश एवं प्रमंडल स्तर पर नियोजन मेले आयोजित किए जाते थे। अब सरकार ने निर्णय लिया है कि अगले वर्ष से बिहार के प्रत्येक जिले में नियोजन मेले की व्यवस्था की जाएगी। बिहार के युवा कौशलयुक्त होकर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं, यह गौरव की बात है। बिहार की प्रतिभाएं देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

5 साल में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि किसी व्यक्ति को जीवन-यापन के लिए बिहार से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में एन०डी०ए० सरकार ने 10 लाख लोगों को नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस दौरान साढ़े 11 लाख लोगों को सरकारी नौकरी एवं 51 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है।

सीएम सम्राट ने इस दौरान पीएम मोदी और बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी और नीतीश कुमार के सपनों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। सभी के योगदान से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘छात्रों को भड़का रहे हैं तेजस्वी’, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान