कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंजाब में सियासत गरमाने के साथ अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच पगड़ी को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। विवाद की शुरुआत पंजाब की राजनीति में सीएम नायब सैनी की बढ़ती सक्रियता को लेकर भगवंत मान के तंज से हुई। मान ने सैनी की पगड़ी पहनने को लेकर सवाल उठाते हुए इसे पंजाब के लोगों को प्रभावित करने की कोशिश के तौर पर पेश किया।

भगवंत मान ने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी की गाड़ी में पगड़ी रखी रहती है और जब वह चंडीगढ़ से पंजाब की तरफ जाते हैं तो पगड़ी पहन लेते हैं। मान ने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी ‘नकली पगड़ी पहनने वाले’ के झांसे में आने वाले नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद दोनों राज्यों की सियासत में पगड़ी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई।

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान के बयान पर कड़ा एतराज जताया। सैनी ने पगड़ी को सिख गुरुओं से जुड़ा सम्मान और आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी से पगड़ी की गरिमा को ठेस पहुंचती है। उन्होंने भगवंत मान से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की।

दरअसल, इस पूरे विवाद की राजनीतिक पृष्ठभूमि पंजाब में नायब सिंह सैनी की बढ़ती सक्रियता से जुड़ी मानी जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री लगातार पंजाब से जुड़े राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। ऐसे में मान की टिप्पणी को सैनी की पंजाब में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच यह तकरार ऐसे समय सामने आई है, जब पंजाब और हरियाणा की राजनीति में कई मुद्दे एक-दूसरे से सीधे जुड़े हुए हैं। लिहाजा पगड़ी को लेकर शुरू हुई बयानबाजी महज व्यक्तिगत तंज तक सीमित नहीं दिख रही, बल्कि इसके पीछे दोनों राज्यों की राजनीतिक गतिविधियों और प्रभाव क्षेत्र को लेकर जारी खींचतान भी नजर आ रही है।