रामकुमार यादव, सरगुजा। सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के बेलदगी ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम छिपनीपानी में पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीण दूषित नदी का पानी पीने को मजबूर हैं। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री जनमन योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें नदी किनारे गड्ढा खोदकर पानी निकालना पड़ता है। गर्मी और बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। बरसात में नदी का पानी दूषित हो जाने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

विधायक प्रबोध मिंज का बयान

मामले की जानकारी मिलने पर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या जरूर है। उन्होंने बताया कि कई इलाके पहाड़ी और अत्यंत दुर्गम हैं, जहां लोग अलग-अलग स्थानों पर बसे हुए हैं। बेलदगी क्षेत्र भी ऐसा ही बड़ा गांव है और अलग-अलग टोले हैं। यह पूरा जंगल-पहाड़ का इलाका है। उसमें छिपनीपानी है, कोई भवानीपानी है और भी ऐसे जगह-जगह लोग बसे हुए हैं। तो बसाहट ऐसी है कि वहां वास्तव में दिक्कतें हैं।

उन्होंने कहा कि लोग नदी का पानी पीते हैं और नदी किनारे ढोढ़ी बनाकर पानी का उपयोग करते हैं। कई जगहों पर जलस्रोत भी नहीं हैं, जिसके कारण लोगों को दूर से पानी लाना पड़ता है। समस्या की जानकारी है, लेकिन वहां तक वाहन नहीं पहुंच पाते। बोरिंग मशीन ले जाना संभव नहीं हो पाता, इसलिए बोर कराना भी मुश्किल हो रहा है।

विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि सरकार भी प्रयास कर रही है कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष जनजाति के पहाड़ी कोरवा वगैरह लोगों तक सड़क पहुंचे और उसके माध्यम से बाकी व्यवस्थाएं भी पहुंचाने का प्रयास हो रहा है। लेकिन कई क्षेत्र हैं, जहां यह नहीं हो पाया है। प्रयास करेंगे कि किसी भी तरह से ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में किसी तरह की तकलीफ न हो, विशेषकर पेयजल की।

साथ ही उन्होंने बताया कि पहाड़ों में नई बस्तियां बसाई जा रही हैं, जिससे उन दुर्गम पहाड़ी इलाकों तक बोरवेल मशीन पहुंचाना संभव नहीं है। जल्द से जल्द पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H