अमृतसर. पाकिस्तान से लागतार हथियार और नशीले सामनों की तस्करी की जानकारी सामने आ रही है. पिछले 15 दिनों में फिरोजपुर क्षेत्र के तीन गांवों में बड़े ड्रोनों के जरिए पहुंचाई गई हेरोइन की तीन बड़ी खेप बरामद होने से सीमा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. खबर है कि पाकिस्तान के कसूर और सुलेमान क्षेत्र से ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं. इन्हीं केंद्रों से तय होता है कहां हेराइन और कहां हथियार गिराए जाने हैं. पंजाब की सीमा में लगातार इस गतिविधि पर नजर बनाए हुए है.

पहले छोटे ड्रोन भेजे जा रहे थे और अब बड़े ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पंजाब के गांवों में 10 से 20 किलोमीटर तक अंदर आकर हेरोइन और हथियारों की खेप गिरा रहे हैं. खेप पहुंचाने के बाद इनके सुरक्षित पाकिस्तान लौटने की बात भी सामने आ रही है. अमृतसर क्षेत्र में भी सीमा पार से ड्रोन के जरिए विदेशी पिस्तौलें, हैंड ग्रेनेड, एके-47, हेरोइन और आरडीएक्स भेजे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं.

नशीले पदार्थों के साथ हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी की आशंका इस खतरे को और गंभीर बनाती है. सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब ड्रोन की घुसपैठ रोकने के साथ-साथ भारतीय क्षेत्र में सक्रिय उन नेटवर्कों की पहचान करने की चुनौती है, जो खेप प्राप्त कर आगे पहुंचाते हैं.

पिछले कुछ दिन की बड़ी वारदात

20 सितंबर, फरीदकोट: पुलिस ने 47.3 किलो हेरोइन के साथ तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए. चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
7-8 अक्तूबर, फिरोजपुर का पधरी गांव: पुलिस और बीएसएफ ने 20.298 किलो हेरोइन बरामद की. खेप ड्रोन से गिराए जाने की आशंका जताई गई.
18 अक्तूबर, आरिफके क्षेत्र: तेगा सिंह वाला गांव के पास खेतों से 10.750 किलो हेरोइन बरामद हुई. एजेंसियों को खेप ड्रोन से गिराए जाने का संदेह था.
19 अक्तूबर, आरिफके क्षेत्र: जीवान भेड़िया गांव के खेतों से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, यह खेप भी ड्रोन के जरिए भेजी गई थी.