पानी भरने गई नाबालिग को बाइक सवार युवकों पर जबरन ले जाने का आरोप, कई संदिग्धों से पूछताछ

पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीमों का गठन किया और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

पानी भरने गई थी किशोरी

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे किशोरी अपनी सहेली के साथ गांव के समीप स्थित जलस्रोत से पीने का पानी लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक के पास रुका रहा, जबकि दो युवक नीचे जाकर किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।

डर के कारण सहेली ने देर से बताई घटना

घटना के समय मौजूद सहेली घबरा गई और तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दे सकी। देर शाम तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान सहेली ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामले की सूचना अमड़ापाड़ा थाना पुलिस को दी गई।

सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने किशोरी का घर पर मिला मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच शुरू की है। साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामदगी या किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।