पलवल। शहर में सोमवार की आधी रात एक व्यापारी का परिवार दहशत में आ गया। छह नकाबपोश युवक अचानक उसके घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों से दरवाजे और खिड़कियों पर हमला कर दिया। शीशे तोड़ दिए। गली में खड़ी गाड़ी को भी नहीं छोड़ा। पूरी घटना पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसी बीच गश्त कर रही पुलिस कमांडो टीम वहां पहुंच गई। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके पांच साथी फरार हो गए।
आधी रात को अचानक शुरू हुआ हमला
घटना पुरानी बस्ती सल्लागढ़ की है। यहां रहने वाले व्यापारी इरशाद के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12 बजे वह घर में सो रहे थे। अचानक बाहर से लाठी-डंडे चलने और शीशे टूटने की आवाजें आने लगीं। हमलावर घर के दरवाजे और खिड़कियों को निशाना बना रहे थे। परिवार ने डर के कारण बाहर निकलने की हिम्मत नहीं की।
बाद में पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। इसमें छह नकाबपोश युवक हाथों में डंडे लेकर आते दिखाई दिए। उन्होंने मकान के बाहर तोड़फोड़ की। गली में खड़ी गाड़ी पर भी हमला किया।
पुलिस को देखकर भागे बदमाश
इसी दौरान गश्त कर रही कमांडो टीम वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही युवकों ने भागने की कोशिश की। टीम ने उनका पीछा किया। फुटेज के मुताबिक, एक युवक ने पुलिसकर्मी पर भी डंडे से वार करने की कोशिश की। कमांडो जवान ने खुद को बचाया और उसे काबू कर लिया। बाकी पांच आरोपी भाग निकले।
कमांडो खजान के अनुसार, टीम रात में गश्त कर रही थी। किठवाड़ी पुल के पास कुछ युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे खड़े दिखाई दिए थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो टीम ने उन पर नजर रखी। बाद में उन्हीं युवकों का पीछा करते हुए पुलिस व्यापारी के घर तक पहुंची।
16 साल से पलवल में कारोबार कर रहे हैं इरशाद
व्यापारी इरशाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। वह पिछले करीब 16 वर्षों से पलवल में रह रहे हैं और खाने-पीने के सामान का थोक कारोबार करते हैं। फिलहाल वह किराए के मकान में रहते हैं।
इरशाद का कहना है कि हमलावरों में से वह किसी को नहीं पहचानते। उन्होंने घटना के बाद रात में ही पुलिस को शिकायत दे दी थी। ऐसे में अब पुलिस के सामने हमले की वजह का पता लगाने और फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है।
शिकायत को लेकर पुलिस के बयानों में अंतर
मामले में शिकायत मिलने को लेकर पुलिस के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं। शुरुआत में कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल की ओर से शिकायत नहीं मिलने की बात कही गई। वहीं, किठवाड़ी पुल चौकी में संपर्क करने पर बताया गया कि पीड़ित रात में ही शिकायत दे चुका था।
चौकी प्रभारी मुकेश कुमार के अनुसार, एक आरोपी पुलिस हिरासत में है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि व्यापारी के घर को निशाना बनाने के पीछे क्या कारण था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
- बिहार में नवंबर से शुरू होगी धान की खरीद, CM सम्राट ने 50 लाख मीट्रिक टन खरीद का रखा लक्ष्य
- CM रेखा गुप्ता ने मुखर्जी नगर का किया औचक निरीक्षण, छात्रों की समस्याओं पर लिया फीडबैक
- मंत्री दीपक प्रकाश बोले- वोट चोरी के सबूत हैं तो कोर्ट जाएं, बगावत करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई!
- जीजा है या जल्लाद ? साले पर बहन के पति ने तलवार से किए कई वार, जानिए आखिर रिश्तों को भूलकर क्यों बहाया खून…
- Gold Silver Rate Today : सोना मामूली महंगा, चांदी में गिरावट, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई समेत बड़े शहरों के भाव देखें

