पलवल पुलिस की सीआईए टीम ने कोर्ट परिसर से अधिवक्ता की बाइक चोरी करने वाले आरोपी को नूह से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

दीपक भारद्वाज, पलवल। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए (AVT स्टाफ) हथीन को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पलवल कोर्ट परिसर की पार्किंग से बाइक चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नसीम, पुत्र अब्बास, निवासी गांव पेमाखेड़ा (थाना पुनहाना, जिला नूह) के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से चोरी की गई काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद कर ली गई है।

अधिवक्ता की शिकायत पर हुई त्वरित कार्रवाई

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सीआईए (AVT स्टाफ) हथीन के प्रभारी P/SI दीपक गुलिया ने बताया कि गत 6 मार्च 2026 को फरीदाबाद निवासी अधिवक्ता अरुण निर्माणिया ने थाना कैम्प पलवल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, सुबह लगभग 10:48 बजे उनकी स्प्लेंडर बाइक (नंबर DL3SFB 2385) कोर्ट की पार्किंग से चोरी हो गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अज्ञात के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर SI मौ० यासिर की टीम ने 28 अप्रैल को आरोपी को धर दबोचा।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की जांच शुरू

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे अपने कब्जे में ले लिया है। आज, दिनांक 29 अप्रैल 2026 को आरोपी नसीम को माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पलवल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।