दीपक भारद्वाज, पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हथीन क्राइम ब्रांच (AVT स्टाफ) ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मारुति ईको कार बरामद की है। आरोपी की पहचान महबूब पुत्र नूरदीन निवासी मौहदमका, थाना हथीन, जिला पलवल के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हथीन क्राइम ब्रांच की टीम ने यह कार्रवाई की।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

हथीन क्राइम ब्रांच (AVT स्टाफ) प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया ने बताया कि 2 जून को पुलिस टीम सब-इंस्पेक्टर हक्मुद्दीन के नेतृत्व में अपराध रोकथाम और गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महबूब नामक युवक चोरी की एक सफेद मारुति ईको कार लेकर मानपुर रोड स्थित मौहदमका चौक पर मौजूद है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

जांच में सामने आई चोरी की सच्चाई

पुलिस ने आरोपी से वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। इसके बाद साइबर सेल की मदद से चेचिस और इंजन नंबर की जांच कराई गई।

जांच में पता चला कि बरामद मारुति ईको कार का वास्तविक नंबर HR-51BE-9691 है। यह वाहन 27 अप्रैल 2026 को गुरुग्राम के सेक्टर-65 थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। इस संबंध में वहां पहले से मामला दर्ज है।

आरोपी के खिलाफ नया केस दर्ज

पुलिस ने बरामद वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी महबूब के खिलाफ थाना हथीन में नया मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।

पलवल पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।