पलवल। पृथला गांव के 21 वर्षीय किक बॉक्सर गौरव तंवर की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने गौरव के दो दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि दोनों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। गदपुरी थाना पुलिस ने गौरव के पिता राजेश कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार के मुताबिक, 25 सितंबर की सुबह गौरव कंप्यूटर क्लास जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह वापस लौटा तो उसकी हालत खराब थी और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। परिजनों ने उससे तबीयत बिगड़ने की वजह पूछी तो गौरव ने कथित तौर पर बताया कि उसके दोस्तों दीपक और राहुल ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाया था।

हालत गंभीर होने पर परिवार उसे पलवल के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे फरीदाबाद रेफर कर दिया। परिजन उसे फरीदाबाद लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान गौरव ने दम तोड़ दिया।

मौत से पहले मामा को भी बताई थी बात

परिवार का दावा है कि गौरव ने मौत से पहले अपने मामा हरीश को भी दोस्तों द्वारा कुछ पिलाए जाने की जानकारी दी थी। इस बातचीत का एक वीडियो भी परिजनों ने पुलिस को सौंपा है। पुलिस अब इस वीडियो की जांच कर रही है और गौरव द्वारा कही गई बातों की भी पड़ताल की जा रही है।

गौरव की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वह परिवार का इकलौता बेटा था और किक बॉक्सिंग में सक्रिय था। परिजनों के अनुसार, गौरव ने कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर खेल के क्षेत्र में पहचान बनाई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुल सकते हैं अहम राज

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या का केस दर्ज करने के बाद पुलिस अब उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनके बाद गौरव की तबीयत अचानक बिगड़ी।

पुलिस के मुताबिक, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस गौरव के दोनों दोस्तों की तलाश में भी जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m