Palwal Murder Case : पलवल: जवाहर नगर कैंप में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 52 वर्षीय सुरेश उर्फ दलीप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मुख्य आरोपी 19 वर्षीय दुष्यंत उर्फ देवा खुद कैंप थाना पहुंच गया। उसने थाना प्रभारी की मेज पर देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस रखकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए सुरेश की हत्या की है।

पुलिस के अनुसार, सुरेश रात को अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान दुष्यंत अपने साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दुष्यंत ने सुरेश के सीने में गोली मार दी। इसके बाद हमलावरों ने घायल सुरेश को घर के सामने से गुजर रहे नाले में फेंकने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हुए।

गोली की आवाज सुनकर सुरेश की पत्नी सुबीना और परिवार के सदस्य छत पर थे। हमलावरों के डर से वे कुछ देर तक नीचे नहीं उतरे। आरोपियों के जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिजन और पड़ोसी घायल सुरेश को ई-रिक्शा से जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2023 की घटना को बताया हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। आरोपी के अनुसार, वर्ष 2023 में गली में स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर सुरेश और उसकी मां के बीच विवाद हुआ था। दुष्यंत का दावा है कि इसी दौरान सुरेश ने उसकी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां की हत्या का बदला लेना चाहता था और इसी वजह से सुरेश को गोली मारी।

परिजनों के मुताबिक, सुरेश भी एक हत्या के मामले में करीब ढाई साल जेल में रहा था और लगभग पांच महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और लंबे समय से बीमार चल रही है। बताया गया है कि पत्नी की देखभाल के लिए सुरेश को जमानत मिली थी।

पत्नी ने हमलावरों पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी सुबीना ने आरोप लगाया कि पांच युवक और दो महिलाएं उसके पति पर चाकुओं से हमला कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें और उनके पोता-पोती को भी छत से नीचे फेंकने की कोशिश की। सुबीना के अनुसार, हमले के बाद सुरेश की सांसें चल रही थीं और उन्होंने पुलिस को फोन कर पति को अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई थी।

घटना की सूचना के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम को घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी मिले।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुमित कर रहे हैं। दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m