Palwal KMP Expressway Accident : पलवल: कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप एक खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक और घायल उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का समूह राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद पिकअप से उत्तर प्रदेश लौट रहा था। इसी दौरान KMP एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे लोगों ने राहत कार्य में मदद की।

टक्कर के बाद गाड़ी में फंसे श्रद्धालु

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की राहत टीम मौके पर पहुंची। पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई लोग उसके अंदर फंस गए थे। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिवारों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप चालक को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े ट्रक का समय रहते पता नहीं चल पाया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ा और पिकअप सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m