दीपक भारद्वाज, पलवल l नीतीश अग्रवाल के नेतृत्व में पलवल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “लगाम” के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत सदर थाना पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर तलवार लहराकर धमकी भरे अंदाज में रील पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि रीलों में गुंडागर्दी और सड़कों पर मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया के जरिए डर और दहशत फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना सदर पलवल के प्रभारी निरीक्षक सुंदर पाल ने बताया कि 17 मई की रात उप-निरीक्षक सुनील कुमार अपनी टीम के साथ अंटोहा मोड़ क्षेत्र में गश्त और अपराध जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि गांव टीकरी ब्राह्मण का रहने वाला राहुल नामक युवक सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक की इंटरनेट मीडिया रील की जांच की। जांच में सामने आया कि युवक हाथ में तलवार लेकर बदमाशी और धमकी भरे अंदाज में वीडियो बनाकर लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घातक हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और यह आर्म्स एक्ट का उल्लंघन माना जाता है। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि ऑपरेशन “लगाम” के तहत पलवल पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24 घंटे सक्रिय है। इंस्टाग्राम, फेसबुक या अन्य किसी भी प्लेटफॉर्म पर हथियार लहराने, फायरिंग दिखाने या आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि कुछ सेकंड की रील और लाइक्स के चक्कर में अपना भविष्य खराब न करें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है। पलवल पुलिस ने आमजन से ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
- भोपाल-जबलपुर हाईवे पर भीषण हादसा! डंपर से टकराई स्लीपर बस, गैस कटर से काटकर निकाला गया ड्राइवर
- बर्लिन में दिल्ली मेट्रो का जलवा, InnoTrans 2026 में DMRC दिखाएगा तकनीकी उपलब्धियां
- Rupi Soren Health Update: CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की सेहत में सुधार, मंगलवार तक अस्पताल से मिल सकती है छुट्टी
- Jharkhand Weather: 5 दिन बदला रहेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
- देसी कट्टा लहराते साला-जीजा गिरफ्तार, ऑटो जब्त, नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई



