Deepak Bhardwaj, पलवल। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलवल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) स्टाफ हथीन ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियारों का जखीरा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त एक बलेनो कार बरामद की गई है।
प्रेस वार्ता में डीएसपी मुख्यालय साहिल ढिल्लों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पलवल और आसपास के क्षेत्रों में हत्या, लूट तथा डकैती जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इटावा से 4-5 हथियारबंद बदमाश बलेनो कार में सवार होकर पलवल की ओर आ रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही AVT स्टाफ हथीन की टीम ने KMP एक्सप्रेसवे चढ़ाई के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस से घिरता देख बदमाश कार लेकर भाग निकले। पीछा करते हुए पुलिस ने मुंडकटी चौक पर उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिसकर्मी पर गोली चला दी, जिससे सिपाही देवेंद्र के पैर में गोली लग गई।
इसके बाद बदमाशों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश माधव गुप्ता के पैर में गोली लगी। अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने घायल आरोपी समेत चार बदमाशों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी अकरम, कृष्ण, आलोक परिहार और माधव गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं विपुल द्विवेदी नामक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर रायफलनुमा पोना, एक 315 बोर कट्टा, एक देसी पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 12 खाली खोल तथा यूपी नंबर की बलेनो कार बरामद की है।

कई संगीन मामलों में वांछित हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी माधव गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लूट, डकैती, अपहरण, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आलोक उर्फ राहुल ठाकुर पर गैंगस्टर एक्ट, एक्सटॉर्शन, धोखाधड़ी और लूट के चार मामले दर्ज हैं। अकरम के खिलाफ भी विभिन्न संगीन धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
केस दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी
घायल पुलिसकर्मी और आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना मुंडकटी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया।
एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि पलवल पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जिले की कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
- पलवल पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
- अफगानिस्तान में शरणार्थियों से भरा ट्रक पलटा, 18 की मौत; 35 घायल
- BJP का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग: प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने किया शुभारंभ, CM मोहन युवा कार्यकर्ताओं को देंगे मार्गदर्शन
- अधिकारियों की आपसी खींचतान से बहादुरगढ़ का विकास ठप, 18 करोड़ रुपये के टेंडर अटके
- बेटी की शादी में शामिल होने आतंकी मामले के आरोपी को मिली 3 दिन की अंतरिम जमानत, खर्च भी उठाएगी सरकार

