लातेहार में ACB की बड़ी कार्रवाई, लाभुक से रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया पंचायत सेवक नागेश्वर रजक
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनिका प्रखंड में पदस्थ पंचायत सेवक नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चबूतरा निर्माण योजना की राशि जारी करने के बदले लाभुक से घूस की मांग कर रहा था।
भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, मनिका प्रखंड की रांकीकला पंचायत निवासी प्रतिमा देवी के नाम से चबूतरा निर्माण की योजना स्वीकृत हुई थी, जिसकी अनुमानित लागत 80 हजार रुपये थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा था।
आरोप है कि पंचायत सेवक नागेश्वर रजक भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। बिना पैसे लिए वह भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने को तैयार नहीं था।
परिजनों ने ACB से की शिकायत
लगातार चक्कर लगाने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने पर लाभुक के परिजनों ने पलामू स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने जाल बिछाया। टीम ने केमिकल लगे नोट लाभुक को देकर पंचायत सेवक के पास भेजा। जैसे ही नागेश्वर रजक ने 10 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी के पास से वही केमिकल लगे नोट बरामद हुए, जिसके बाद उसे विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
पलामू ACB के पुलिस अधीक्षक (SP) ने पंचायत सेवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि लाभुक के परिजनों की शिकायत पर जांच की गई थी, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


