चंडीगढ़: पंचकूला के शहरी विकास को रफ्तार देने के लिए हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में 829.23 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। यह राशि पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण (PMDA) के जरिए शहर में बुनियादी ढांचे से लेकर जल निकासी, पर्यावरण, सड़कों और आधुनिक शहरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर खर्च की जाएगी। सरकार के मुताबिक, बजट का बड़ा हिस्सा पूंजीगत विकास कार्यों पर लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का फोकस केवल शहर के विस्तार तक सीमित नहीं है। पंचकूला समेत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विकसित करने की योजना पर काम हो रहा है। इसके तहत सड़क, सीवरेज, जल निकासी, स्वच्छता, हरित क्षेत्र और शहरी प्रबंधन जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
45 साल पुरानी ड्रेनेज व्यवस्था में बड़ा बदलाव
पंचकूला में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पुरानी जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है। करीब 45 साल पुरानी व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में गीता चौक से टाउन पार्क तक 900 मिलीमीटर व्यास वाले बरसाती नाले का पुनर्वास किया जा चुका है। करीब 5.50 करोड़ रुपये की इस पायलट परियोजना में मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
अब टाउन पार्क से सिंह नाला तक जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने का काम शुरू किया गया है। इस परियोजना पर करीब 38.87 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत देने के साथ शहर के ड्रेनेज नेटवर्क को ज्यादा प्रभावी बनाना है।
सीवरेज के पानी का होगा दोबारा इस्तेमाल
सरकार ने पंचकूला में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया है। शहरी हरित क्षेत्रों और पर्यावरण संबंधी कार्यों के लिए 41.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उपचारित सीवरेज के पानी को पार्कों और हरित पट्टियों में इस्तेमाल करने की योजना है।
सेक्टर-7सी में 10 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के लिए 24.60 करोड़ रुपये और सेक्टर-5सी में 6 एमएलडी क्षमता के STP के लिए 28.49 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है।
सड़क और शहर की सुंदरता पर भी फोकस
पंचकूला में सड़कों के विशेष रखरखाव और सुधार के कई काम पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कुछ परियोजनाओं पर अभी काम चल रहा है। शहर के 14 राउंडअबाउट्स का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। प्रमुख मार्गों और गोल चक्करों पर मौसमी पौधे तथा फूलों की क्यारियां विकसित की गई हैं।
सरकार के अनुसार, शहरी विकास के लिए निर्धारित बजट में करीब 449.23 करोड़ रुपये बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों के लिए और करीब 270.59 करोड़ रुपये संचालन एवं रखरखाव के लिए रखे गए हैं।
208 करोड़ का कमांड सेंटर भी प्रस्तावित
पंचकूला में शहरी सेवाओं की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के लिए एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (Integrated Command and Control Centre) स्थापित करने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 208 करोड़ रुपये बताई गई है।
सेक्टर-32 में बनेगा आधुनिक शूटिंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
शहर के खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सेक्टर-32 में विश्वस्तरीय निशानेबाजी खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। परियोजना के लिए पहले 173.48 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। बातचीत के बाद करीब 109.80 करोड़ रुपये की निविदा राशि स्वीकृत हुई है।
परियोजना का काम 16 जून 2026 से शुरू हो चुका है और इसे 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि योजनाओं का उद्देश्य केवल बजट आवंटित करना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ शहर के लोगों तक पहुंचाना है। सरकार के मुताबिक, पंचकूला के विकास की योजनाओं में नागरिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है.
- ‘…चोरी-डकैती की भूख बढ़ गई है’, ममता की पार्टी को नया नाम और चुनाव चिह्न मिलने पर भड़के तेजस्वी
- ओडिशा निकाय चुनाव को लेकर बड़ी खबर: सरकार ने जारी की समय सारिणी, 31 अक्टूबर तक पूरी होगी अंतिम अधिसूचना प्रक्रिया
- तंत्र क्रिया के आरोप में छात्र को थमाया टीसी, बाल आयोग ने लिया संज्ञान, अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश
- ‘अगर कैटरीना डेट करना चाहती थीं तो मैं क्यों नहीं?’, छात्रों की गूंज कार्यक्रम में दिल्ली से इंदौर पहुंची युवती, राहुल गांधी से जताई शादी की इच्छा
- Nandigram Bypoll: प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद ममता का बड़ा ऐलान – ‘कांग्रेस का समर्थन करेंगे …’



