चंडीगढ़: हरियाणा में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से शराब की 564 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी सोनीपत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, गुजरात में शराबबंदी होने के कारण वहां अवैध रूप से शराब पहुंचाने का नेटवर्क सक्रिय है। वहीं, चंडीगढ़ में शराब अपेक्षाकृत सस्ती होने के चलते यहां से दूसरे राज्यों में इसकी तस्करी की जाती है। इसी कड़ी में यह खेप भी गुजरात भेजे जाने की तैयारी में थी।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पंचकूला पुलिस ने जिले में संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर रखी है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी टीमों को नाकों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा पार्किंग के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान पुलिस को सूचना के आधार पर एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली।
आगे सब्जियों की क्रेट, पीछे छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान पुलिस को कंटेनर में अलग तरह की व्यवस्था दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने कंटेनर के आगे वाले हिस्से में सब्जियों की प्लास्टिक क्रेटें रखी हुई थीं, ताकि पहली नजर में वाहन सामान्य मालवाहक वाहन लगे। लेकिन इन क्रेटों के पीछे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने कंटेनर से शराब की कुल 564 पेटियां बरामद कीं। इसके बाद चालक राकेश कुमार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
सोनीपत का रहने वाला है आरोपी
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, क्राइम ब्रांच-3 की टीम को सूचना मिली थी कि सोनीपत निवासी राकेश कुमार चंडीगढ़ से अवैध शराब लोड करके कंटेनर के जरिए पंचकूला होते हुए आगे जाएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और कंटेनर को पकड़ लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप चंडीगढ़ में कहां से लोड की गई थी और इसे गुजरात में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
- त्योहार से पहले सरकार ने पेट्रोल का निर्यात टैक्स किया ‘Zero’, डीजल और ATF का एक्सपोर्ट टैक्स बढ़ा
- बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा ने बीमार मां को हॉस्पिटल में सुनाई बांसुरीः मां-बेटे के प्यार का ये वीडियो आपका दिल छू लेगा, देखें वीडियो
- सुकमा में 102 स्थानों पर हुई ‘राष्ट्रीय एकता परेड’ की लाइव स्क्रीनिंग, देशभक्ति की बही प्रवाह
- नेताओं के नाम पर सड़क के गड्ढों का अनोखा नामकरण, बेगूसराय में ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन वायरल
- MP में फिर लव जिहादः धर्म परिवर्तन का दबाव डालकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग, नाबालिग बेटी को भी बनाया निशाना, हिंदू संगठनों ने की कठोर कार्रवाई की मांग

