पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला से इस वक्त की एक बेहद बड़ी और जरूरी खबर सामने आ रही है। पंचकूला के रामगढ़ इलाके में स्थित टीबीआरएल (Terminal Ballistics Research Laboratory) रेंज में 31 मई यानी कल एक बेहद शक्तिशाली हाई पावर बम का परीक्षण (high power bomb testing) किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) के अधीन आने वाली इस लैब में होने वाले इस महाविस्फोट को लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

2 किमी का इलाका डेंजर जोन

डीआरडीओ (DRDO) के वैज्ञानिकों की तरफ से जारी की गई आधिकारिक सूचना के मुताबिक, यह परीक्षण रविवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच किया जाएगा। यह धमाका इतना जोरदार होगा कि बम के फटने के बाद उसके टुकड़े यानी स्प्लिंटर हवा में करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक उछल सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए जमीन पर करीब 2 किलोमीटर तक के पूरे दायरे को स्प्लिंटर डेंजर जोन (splinter danger zone) घोषित कर दिया गया है। पूरे परीक्षण की निगरानी भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।

इन गांवों के लोगों को घरों के अंदर रहने की सख्त हिदायत

टीबीआरएल के टेक्नोलॉजी डायरेक्टर सी. सरकार ने पंचकूला के उपायुक्त (DC Panchkula) को बकायदा एक पत्र भेजकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा है। प्रशासन ने मुख्य रूप से भानू और बिल्ला गांव के लोगों को परीक्षण के तय समय (10:30 से 12:30 बजे) के दौरान अपने घरों के अंदर ही रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा असरैवाली, नग्गल, मोगीनंद, किशनगढ़, टीएमवी कॉलोनी और रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के लोगों को भी पूरी तरह अलर्ट और सतर्क रहने को कहा गया है।

अफवाहों पर न दें ध्यान, सुरक्षा नियमों का करें पालन

स्थानीय प्रशासन ने साफ किया है कि यह सेना और देश की सुरक्षा से जुड़ा एक नियमित सुरक्षा परीक्षण (routine safety test) है। इसलिए आसपास के ग्रामीण किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। अधिकारियों ने अपील की है कि धमाके की तेज आवाज सुनकर घबराएं नहीं। अपनी सुरक्षा के लिए निर्देशों का पालन करें, खुले क्षेत्रों से दूर रहें और अपने मवेशियों को भी बांधकर सुरक्षित स्थानों पर रखें।