पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम से पहले एक बड़ा हादसा टल गया। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में चल रही तैयारियों के दौरान एक ग्रामीण चौकीदार अचानक चक्कर खाकर नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, जिसके कुछ ही पलों बाद चौकीदार को होश आ गया।
घटना का वीडियो आया सामने
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सुरक्षा में तैनात कुछ पुलिसकर्मी जमीन पर लेटे चौकीदार को सीपीआर देते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी ने उनकी मदद करते हुए जूते उतारे और तलवों पर मालिश की। पुलिसकर्मियों की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई के कारण कुछ ही सेकेंड में चौकीदार की सांसें सामान्य होने लगीं और उन्हें होश आ गया।
शुक्रवार को होना है ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले ‘ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह’ में शामिल होने वाले हैं। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से ग्रामीण चौकीदारों को पंचकूला बुलाया गया है। कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई इस अचानक घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों की सूझबूझ की सराहना की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

