Panchkula Stray Dog Attack : पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में आवारा कुत्तों का आतंक अब बच्चों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर एक आवारा कुत्ते ने 10 साल के बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मांस तक उखड़ गया। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों को बच्चे के सिर पर करीब 20 टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

परिवार के साथ फूल बेचने आया था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, बरवाला की एचएमटी कॉलोनी निवासी 10 वर्षीय रितिक शनिवार को अपने परिवार के साथ पंचकूला के सेक्टर-11 आया था। परिवार यहां फूल बेचने का काम करता है।

दोपहर करीब 12 बजे रितिक आसपास खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा। कुत्ते ने बच्चे के सिर को बुरी तरह नोच लिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे कुत्ते से छुड़ाया।

सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में लगाए 20 टांके

हमले में बच्चे के सिर की त्वचा और मांस को गंभीर नुकसान पहुंचा। परिजन बिना देरी किए उसे सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच और उपचार के बाद उसके सिर में करीब 20 टांके लगाए। घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।

कुत्ते के हमले पर मुआवजे का भी प्रावधान

आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत मुआवजे का प्रावधान है।

  • कुत्ते के काटने से त्वचा पर दांत का निशान बनने पर प्रति निशान 10 हजार रुपये मुआवजा निर्धारित है।
  • त्वचा कटने, घाव होने या मांस निकलने की स्थिति में प्रति 0.2 सेंटीमीटर घाव के लिए न्यूनतम 20 हजार रुपये मुआवजे का प्रावधान बताया गया है।

आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों में डर

पंचकूला में आवारा कुत्तों के हमले की इस घटना ने एक बार फिर बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता और नाराजगी है। लोगों की मांग है कि प्रशासन आवारा कुत्तों की समस्या पर गंभीरता से कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी और बच्चे को इस तरह की घटना का सामना न करना पड़े।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m