शरद पाठक, पांढुर्णा/छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में जाम नदी के तट पर कल एक बार फिर सदियों पुरानी और विश्वप्रसिद्ध ‘गोटमार मेले’ का खूनी खेल देखने को मिलेगा। परंपरा और आस्था के नाम पर पांढुर्णा और सावरगांव के लोग आमने-सामने होंगे और एक-दूसरे पर अंधाधुंध पत्थरों की बरसात करेंगे। सिर फोड़ती गोफन, लहूलुहान होते लोग और नदी किनारे बिखरे पत्थर—गोटमार मेले की सालों पुरानी पहचान बन चुके हैं।

70 साल में 14 मौतें, सैकड़ों घायल

पोला पर्व के दूसरे दिन आयोजित होने वाले इस मेले की शुरुआत मां चंडिका के पूजन और दर्शन के साथ होती है। वर्ष 1955 से लेकर अब तक इस पत्थरबाजी के खेल में 14 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि हजारों की संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल और अपाहिज हुए हैं। प्रशासन ने कई बार रबर बॉल से मेला कराने की कोशिश की, लेकिन हर बार परंपरा के आगे प्रशासन के प्रयास पस्त साबित हुए।

प्रेम कहानी से जुड़ी है मेले की किवदंती

गोटमार मेले को लेकर कई कहानियां प्रचलित हैं। सबसे लोकप्रिय किवदंती पांढुर्णा के युवक और सावरगांव की युवती की प्रेम कहानी से जुड़ी है। कहा जाता है कि प्रेमी युगल को नदी पार करते समय दोनों गांवों के लोगों ने रोकने के लिए पत्थरबाजी की थी। इसी घटना की याद में गोटमार मेले की परंपरा शुरू हुई। हालांकि, बुजुर्गों का मानना है कि समय के साथ इसमें गोफन और शराब के इस्तेमाल से आक्रामकता और खतरा बहुत बढ़ गया है।

700 जवान, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

इस बार भी प्रशासन ने शांति समिति की बैठकें कर लोगों से शांतिपूर्ण उत्सव मनाने की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर-एसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। करीब 700 पुलिसकर्मी, ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के जरिए पूरे मेला परिसर पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

नदी किनारे फिर सज गए पत्थरों के ढेर

प्रशासनिक दावों और तैयारियों के बीच ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मेले से दो दिन पहले से ही जाम नदी के दोनों किनारों पर ट्रैक्टरों के जरिए भारी मात्रा में पत्थर लाकर इकट्ठे किए गए हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार भी पांढुर्णा की जाम नदी में परंपरा के नाम पर खूनी खेल खेला जाएगा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m