पानीपत। सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर 12 वर्षीय किशोर के साथ कथित तौर पर बेहद अमानवीय तरीके से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ युवक खुद को पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) का कर्मचारी बताकर उनके घर पहुंचे और जबरन अंदर घुसने के बाद बच्चे को निर्वस्त्र कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।
परिवार के मुताबिक, घटना से पहले आरोपियों में से एक ने बच्चे के बड़े भाई को फोन किया था। फोन करने वाले ने खुद को CIA पुलिस से जुड़ा बताया और उससे घर की लोकेशन मांगी। लोकेशन मिलने के बाद कुछ युवक घर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि घर में दाखिल होते ही उन्होंने 12 वर्षीय बच्चे को निशाना बनाया और उसके कपड़े उतरवाकर उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि आरोपियों ने बच्चे का वीडियो बनाते हुए उससे हाथ जोड़कर माफी भी मंगवाई। इतना ही नहीं, परिवार के अनुसार बाद में यही वीडियो किशोर के Instagram अकाउंट पर भी शेयर कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित के पिता ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर थाना किला में मामला दर्ज किया गया।
चार घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
मामला सामने आने के बाद किला थाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करीब चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पानीपत के रहने वाले हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों से घटना की वजह, उनके द्वारा खुद को CIA कर्मी बताए जाने और वीडियो बनाने समेत पूरे मामले को लेकर जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे ने पूछताछ में बताया कि उसके बड़े भाई के पास फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को CIA पुलिस का कर्मचारी बताया और घर की लोकेशन भेजने के लिए कहा। इसके कुछ समय बाद आरोपी घर पहुंचे और बच्चे के साथ मारपीट की तथा उसका वीडियो बनाया।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं: DSP
डीएसपी प्रणय कुमार ने बताया कि किला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 12 वर्षीय बच्चे को निर्वस्त्र कर पीटने की शिकायत पुलिस को मिली थी। बच्चे के पिता की शिकायत पर थाना किला में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
डीएसपी प्रणय कुमार ने स्पष्ट कहा कि पानीपत पुलिस बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मनचलों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत रहे और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
- बीजेपी नेता की पिटाई से सनसनीः महिला से छेड़छाड़ के आरोप में भिड़े लोग, पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR
- ‘मोदी सरकार के नेतृत्व में एमपी को सौगात’, सीएम डॉ मोहन बोले- नदी जोड़ो परियोजनाओं से मिली ताकत, नक्सलवाद से भी मुक्ति
- डिजिटल नेटवर्क के दौर में रिश्तों की अहमियत समझाएगा ‘रिश्तों का नेटवर्क’, चार नाटकों ने दिया सामाजिक संदेश
- सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, नक्सली डंप से भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
- 25 वर्षों का सेवा काल: बिहार कैबिनेट ने PM मोदी को दी शुभकामनाएं, सम्राट चौधरी बोले- अधूरे प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार

