पानीपत में स्टंट के आरोप में गिरफ्तार युवक ने जेल से बाहर आते ही फिर से विवादास्पद वीडियो साझा किया है। युवक ने मीडिया को 'फ्री प्रमोशन' के लिए धन्यवाद देते हुए नियमों की धज्जियां उड़ाईं।
प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। जिले में पुलिस की सख्ती को ठेंगा दिखाते हुए एक ‘बुलेट फायर बॉय’ का दुस्साहस सामने आया है। बुलेट के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकालने और खतरनाक स्टंट करने के आरोप में दो दिन पहले गिरफ्तार हुए युवक ने जमानत मिलते ही फिर से सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने युवक के चेहरे पर जो काला कपड़ा ढका था, उसने उसी कपड़े का इस्तेमाल कर दोबारा वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। इस वीडियो के जरिए युवक ने न केवल पुलिसिया कार्रवाई का मजाक उड़ाया है, बल्कि कानून व्यवस्था को खुली चुनौती भी दी है।
मीडिया को कहा ‘थैंक्स’ और स्टंट जारी रखने की दी धमकी
सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस नए वीडियो में युवक बड़े ही बेबाक अंदाज में नजर आ रहा है। उसने वीडियो में कहा कि “रास्ते बदल जाएंगे लेकिन बुलेट की पहचान वही रहेगी” और वह इसी तरह बुलेट बेचना और चलाना जारी रखेगा। इतना ही नहीं, युवक ने व्यंग्यात्मक लहजे में मीडिया का भी धन्यवाद किया और कहा कि उसकी गिरफ्तारी की खबर चलाकर मीडिया ने उसे ‘फ्री में प्रमोशन’ दिया है। युवक का यह रवैया दर्शाता है कि उसके मन में न तो कानून का डर है और न ही अपनी और दूसरों की जान को लेकर कोई जिम्मेदारी।
पुलिस प्रशासन सख्त, दोबारा कार्रवाई की तैयारी
इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए पानीपत पुलिस अब फिर से एक्शन मोड में है। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने बताया कि युवक की इस हरकत के बाद सीआईए (CIA) और साइबर सेल को उचित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल स्टंटबाज की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जमानत की शर्तों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, ताकि युवक के खिलाफ दोबारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

