प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सुताना स्थित ऊंटला रोड पर निर्माणाधीन कारपेट फैक्ट्री में मंगलवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10 से 12 बदमाशों ने फैक्ट्री में घुसकर चौकीदार समेत आठ लोगों को बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और नकदी, मोबाइल फोन, ट्रांसफार्मर की तांबे की क्वाइल, इनवर्टर तथा सीसीटीवी डीवीआर लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार वारदात पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के गांव सुताना में हुई। बदमाश देर रात करीब एक से तीन बजे के बीच फैक्ट्री में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ट्रांसफार्मर का स्विच बंद कर बिजली आपूर्ति काट दी, जिससे पूरा परिसर अंधेरे में डूब गया। इसके बाद हथियारों के बल पर चौकीदार ओमप्रकाश को काबू कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेरहमी से मारपीट की।
इसके बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में मौजूद अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की। चौकीदार के बताने पर ऊपर कमरे में सो रहे सात मजदूरों को भी बंधक बना लिया गया। सभी के साथ मारपीट कर उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और एक कमरे में बंद कर दिया गया।
बदमाश फैक्ट्री से करीब 20 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, ट्रांसफार्मर से तांबे की क्वाइल, इनवर्टर तथा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर अपने साथ ले गए। वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया ताकि उनकी पहचान न हो सके।
सुबह करीब साढ़े चार बजे किसी तरह बंधन खुलने के बाद चौकीदार ने फैक्ट्री मालिक अनुपम गुप्ता और पुलिस को घटना की सूचना दी। पीड़ितों के अनुसार बदमाश उत्तर प्रदेश क्षेत्र की बोली बोल रहे थे और पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे।
फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए टीमों को भी लगाया गया है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
- Jharkhand News: हेमंत सोरेन की माता के श्राद्ध कार्यक्रम के लिए सुरक्षा कड़ी, 13 IPS और 42 DSP की तैनाती
- दिल्ली की सुरक्षा और उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार, लगेंगे 50 हजार CCTV कैमरे
- Shardiya Navratri 2026: तीन मुखों वाली मां बगलामुखी, तंत्र साधना-विशेष अनुष्ठानों के लिए प्रसिद्ध है नलखेड़ा का यह पावन धाम
- राहुल ने धक्का देकर उतारा, हरियाणा BJP ने दीपेंद्र हुड्डा की ऐसे ली चुटकी!
- Rajasthan News: CM भजनलाल शर्मा का सख्त रुख, एक पुलिस अधिकारी निलंबित, 6 APO और 2 पद से हटाए गए

