प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मंगलवार को सरकारी शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। रास्ते में गांव निजामपुर का राजकीय स्कूल दिखाई देने पर वह अचानक स्कूल पहुंच गए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री ने कक्षा-कक्षों में जाकर साफ-सफाई, पढ़ाई और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अध्यापकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर स्कूल में मौजूद कमियों और समस्याओं के बारे में पूछा। इस दौरान स्कूल और कॉलेज में कमरों की कमी का मुद्दा भी उनके सामने रखा गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिपाल ढांडा ने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे मिड-डे मील को खुद खाकर उसकी गुणवत्ता और स्वाद परखा। उन्होंने कर्मचारियों से भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर भी जानकारी ली।
इसके बाद शिक्षा मंत्री सेक्टर-18 स्थित राजकीय कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
महिपाल ढांडा ने कहा कि जब भी रास्ते में स्कूल, कॉलेज या कोई शिक्षण संस्थान दिखाई देता है तो वह वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंच जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि सरकारी स्कूलों के परीक्षा परिणाम में सुधार हुआ है और अब परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच रहा है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, सुविधाएं और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना है।
- रास्ते में स्कूल दिखा तो अचानक पहुंचे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, मिड-डे मील खाकर परखी गुणवत्ता
- पूरी जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा में चूक: बंदर ने छीन लिया पर्स, तो पीछे-पीछे 214 फीट ऊंचे शिखर पर चढ़ गया श्रद्धालु
- तेजस्वी ने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी को दी श्रद्धांजलि, भाई के बचाव में उतरीं रोहिणी
- भैंस चराने पर छिड़ा महाभारत: कुल्हाड़ी-लाठी से हुआ खूनी वार, 5 लोग लहूलुहान, VIDEO वायरल
- ‘फिर विदेश यात्रा पर निकल जाएंगे’, तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च पर उपेंद्र कुशवाहा का तंज


