पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के चांदनीबाग थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 15 वर्षीय किशोरी का कथित रूप से पिस्तौल के बल पर घर से अपहरण कर लिया गया। घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी की मां को जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे किशोरी अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर किशोरी को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। जब किशोरी की मां ने बेटी को बचाने के लिए उसका हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों में से एक ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और धक्का देकर अलग कर दिया।
इसके बाद आरोपी किशोरी को बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। परिवार का आरोप है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी अपहरण का मामला दर्ज हो चुका है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि रास्ते में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को भी बाइक पर बैठाया था। तीनों आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- फर्जी डिप्लोमा का खेल उजागर! पूर्व BJP जिलाध्यक्ष की बेटी फंसी, JE प्रमोशन रद्द; अब क्लर्क पद पर लौटने के आदेश
- Jharkhand News: हेमंत सोरेन की माता के श्राद्ध कार्यक्रम के लिए सुरक्षा कड़ी, 13 IPS और 42 DSP की तैनाती
- दिल्ली की सुरक्षा और उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार, लगेंगे 50 हजार CCTV कैमरे
- Shardiya Navratri 2026: तीन मुखों वाली मां बगलामुखी, तंत्र साधना-विशेष अनुष्ठानों के लिए प्रसिद्ध है नलखेड़ा का यह पावन धाम
- राहुल ने धक्का देकर उतारा, हरियाणा BJP ने दीपेंद्र हुड्डा की ऐसे ली चुटकी!

