पानीपत, प्रवीण भारद्वाज. पानीपत की गोपाल कॉलोनी से पिछले करीब ढाई महीने से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता दो नाबालिग सगी बहनों के मामले में नया मोड़ आ गया है। सर्व समाज और बैरागी समाज द्वारा आज जिला लघु सचिवालय पर बड़े आंदोलन और प्रदर्शन की चेतावनी दिए जाने के बाद आखिरकार पानीपत पुलिस प्रशासन की नींद टूटी। पुलिस ने मामले की फाइल तुरंत सीआईए टू (CIA-2) को सौंपी, जिसके बाद सीआईए की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती रात दोनों बहनों में से एक नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। हालांकि, दूसरी 14 वर्षीय छोटी बहन अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
बैरागी समाज, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार बैरागी ने बताया कि दोनों नाबालिग बच्चियां बीते ढाई महीने (15 अप्रैल) से लापता थीं और इस संबंध में संबंधित थाने में गुमशुदगी का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। पीड़ित परिवार न्याय के लिए लगातार थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं लग पा रहा था।
जैसे ही समाज के लोगों ने पीड़ित परिवार के समर्थन में सोमवार को लघु सचिवालय में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का मैसेज और अल्टीमेटम जारी किया, वैसे ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद सीआईए की टीम ने महज कुछ ही घंटों में तत्परता दिखाते हुए रात करीब 10 बजे अंबाला से एक बच्ची को बरामद कर परिजनों को सूचित कर दिया।
लापरवाह पुलिसकर्मियों को दंडित करने की मांग
सोमवार को आंदोलन की पूर्व घोषणा के तहत बैरागी समाज और सर्व समाज के लोग भारी संख्या में इकट्ठा होकर पुराना लघु सचिवालय पहुंचे। हालांकि, सरकारी अवकाश होने के चलते मुख्य पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार बैरागी ने कहा कि वे SP का धन्यवाद करने आए थे कि सीआईए-2 को केस सौंपते ही एक बच्ची बरामद हो गई। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि अभी भी लापता 14 वर्षीय दूसरी छोटी बच्ची को जल्द से जल्द तलाश किया जाए। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि जो थाना पुलिस ढाई महीने से पीड़ित परिवार को टरका रही थी और बच्चियों को तलाश करने में कोताही बरत रही थी, उन लापरवाह पुलिसकर्मियों की शिथिलता की जांच कर उन्हें तुरंत दंडित किया जाना चाहिए।
- Navratri Day 5 : शारदीय नवरात्रि का पांचवां दिन आज, मां स्कंदमाता की पूजा से मिलती है सुख-समृद्धि और संतान सुख का आशीर्वाद
- 15 October 2026 Rashifal : ऐसा रहेगा आज राशियों का हाल और ग्रहों की चाल, जानिए अपना राशिफल
- 15 अक्टूबर महाकाल भस्म आरती: शेषनाग का रजत मुकुट और मुंडमाला से सजे राजाधिराज, यहां कीजिए दर्शन
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 15 October: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- Bihar Morning News: महिला किसान दिवस पर विशेष कार्यक्रम, भाजप और जदयू कार्यलय में जनसुनवाई

