प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। कुछ दिन पहले खुले गंदे नाले में महिला के गिरने की घटना के बाद पानीपत नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम कमिश्नर डॉ. पंकज यादव ने देर रात मौके पर पहुंचकर नालों को ढकने के कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ नाले ढके हुए मिले, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी काम अधूरा था।
नगर निगम कमिश्नर ने ठेकेदार को अब एक सप्ताह के भीतर सभी खुले नालों को कवर करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डॉ. पंकज यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी और नगर निगम की ओर से ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र काफी कंजस्टेड है और पानी की निकासी में तकनीकी दिक्कतें हैं, लेकिन जान-माल की सुरक्षा के मामले में कोई बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कमिश्नर ने कहा कि जहां अतिरिक्त मैनपावर की जरूरत थी, वहां उसे तैनात नहीं किया गया। अब अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी तैनात कर काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई, ढक्कन हटाने और दोबारा ढक्कन लगाने का काम ठेकेदार के वर्क ऑर्डर में शामिल है। निगम को जो भी अतिरिक्त खर्च आएगा, वह ठेकेदार के भुगतान से काटा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर स्लैब लगाए जा चुके हैं और करीब 22 और स्लैब मौके पर लगाए जाने हैं। एक तरफ का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है, जबकि दूसरी तरफ के काम को भी आवंटित कर दिया गया है। भविष्य में नाले की सफाई के लिए ढक्कन हटाए जाने के बाद उसे खुला नहीं छोड़ा जाएगा और सफाई के साथ ही ढक्कन वापस लगाया जाएगा।
कमिश्नर ने कहा कि पहले ठेकेदार को 15 दिन की समयसीमा दी गई थी, लेकिन जनता को पहले ही काफी परेशानी हो चुकी है। पानी की निकासी से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी लगाई गई है और इंजीनियरिंग विंग के अनुसार अगले दो दिनों में जरूरी कनेक्शन का काम भी पूरा कर लिया जाएगा।
जुर्माने के साथ ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी
डॉ. यादव ने कहा कि ठेकेदार पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि जुर्माने की राशि 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये या परिस्थितियों के अनुसार इससे अधिक भी हो सकती है। एक सप्ताह में नालों को पूरी तरह कवर नहीं किया गया तो सबसे कड़ा जुर्माना लगाने के साथ कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच 24 घंटे सफाई पर जोर
वहीं सफाई कर्मचारियों के एक वर्ग की हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए नगर निगम ने रात में भी विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। कमिश्नर के अनुसार शहर के जीवीपी प्वाइंट, प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों पर करीब 200 से 250 कर्मचारियों और मशीनरी को तैनात किया गया है.
डॉ. पंकज यादव खुद रात में मौके पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का खामियाजा आम नागरिकों को नहीं भुगतने दिया जाएगा। निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जहां भी कमी सामने आएगी, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
निगम कमिश्नर की दो टूक
जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खुले नालों को समय पर कवर नहीं किया गया तो जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
- हिंदू समाज के आह्वान पर आधी रात को जुटे हजारों लोग: अनंत चतुर्दशी पर सामूहिक रूप से निकलेगा चल समारोह
- Haryana Assembly Session: काले कपड़ों में पहुंचे कांग्रेसी, गेट पर धक्कामुक्की के बाद सदन में हंगामा
- BREAKING: कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, हादसे में ट्रेनी पायलट और ट्रेनर की मौत; मचा हड़कंप
- केले के बोरों और ‘कश्मीर एप्पल’ की पेटियों में छिपी थी शराब : पटना एक्सप्रेस में खुल गया तस्करी का खेल, 115 लीटर बीयर जब्त
- आदिवासी आश्रम में 21 छात्राओं से दरिंदगी: सभी पीड़िता नाबालिग, रसोइए का सहायक अरेस्ट


