पानीपत। पानीपत में NH-44 पर पर्ल ढाबे के पास शनिवार देर शाम सड़क पर बिखरे मूंगफली और राजमा जैसे दानों के कारण बाइक फिसल गई। बाइक पर सवार दो भाई सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक चला रहे 24 वर्षीय विष्णु को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि उसका भाई राजेश घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल राजेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर बिखरे थे मूंगफली और राजमा के दाने

मृतक के भाई राजेश और उमाशंकर के अनुसार, शनिवार शाम दोनों भाई बाइक से पानीपत की ओर जा रहे थे। बाइक विष्णु चला रहा था। जब वे पर्ल ढाबे के पास NH-44 पर पहुंचे तो सड़क पर मूंगफली और राजमा जैसे दाने बिखरे हुए थे।

बाइक के इन दानों के ऊपर से गुजरते ही वह फिसल गई। इससे दोनों भाई बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने विष्णु को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों की मदद से विष्णु को पानीपत के पार्क अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में राजेश भी घायल हुआ है।

बजाज फाइनेंस में नौकरी करता था विष्णु

विष्णु समालखा के वार्ड नंबर 13 का रहने वाला था। वह अविवाहित था और पानीपत की बजाज फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। शनिवार शाम वह अपने भाई राजेश के साथ बाइक से पानीपत की ओर आ रहा था।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और कार चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m